जयपुर निवासी रत्न एवं आभूषण कारोबार से जुड़े प्रमोद अग्रवाल डेरेवाला को द वर्ल्ड ज्वैलरी कन्फेडरेशन (सीआईबीजेओ) के उपाध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार चुना गया है। इटली के विसेंजा में आयोजित सेंटेनरी सीआईबीजेओ कांग्रेस-2026 में यह चुनाव हुआ। इटली के डॉ. गेटानो कैवलियरी को सीआईबीजेओ के अध्यक्ष पद पर फिर से चुना गया। प्रमोद अग्रवाल डेरेवाला का लगातार तीसरी बार उपाध्यक्ष चुना जाना भारतीय ज्वैलरी कारोबार के लिए अहम है। इस पद के जरिए वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्वैलरी और रत्न कारोबार से जुड़े मुद्दों पर भारत की ओर से अपनी बात रख सकेंगे। प्रमोद अग्रवाल के सीआईबीजेओ के शीर्ष नेतृत्व में बने रहने से जयपुर के रत्न एवं आभूषण कारोबार को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह मिलेगी। 1926 में हुई थी सीआईबीजेओ की शुरुआत सीआईबीजेओ दुनिया के रत्न, आभूषण और कीमती धातुओं के कारोबार से जुड़े प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों में शामिल है। इसकी शुरुआत 1926 में पेरिस में हुई थी। साल 2026 में संगठन अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है। इसी मौके पर इटली के विसेंजा में सेंटेनरी कांग्रेस का आयोजन किया गया। ज्वैलरी कारोबार से जुड़े लोगों का संगठन सीआईबीजेओ रत्न और आभूषण के पूरे कारोबार से जुड़े लोगों और संस्थाओं को एक मंच पर लाता है। इसमें खदानों से रत्न और कीमती धातुएं निकलने से लेकर ज्वेलरी बनाने, कारोबार करने और ग्राहकों तक पहुंचाने वाले कारोबारी शामिल हैं।