प्रतापगढ़ में कांग्रेस की ओर से पिछले करीब डेढ़ महीने से निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा का समापन रविवार, 30 अगस्त को दिवाक माता में आयोजित महारैली के साथ होगा। समापन कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। महारैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, अशोक गहलोत सुबह करीब 11:30 बजे उदयपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होंगे और दोपहर करीब 12 बजे प्रतापगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वे दिवाक माता में आयोजित जन आक्रोश यात्रा के समापन कार्यक्रम और महारैली में शामिल होंगे। डेढ़ महीने से चल रही थी जन आक्रोश यात्रा पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने बताया कि जिले में करीब डेढ़ महीने से जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। अब इसका समापन दिवाक माता में बड़ी महारैली के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महारैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। गहलोत सरकार के कार्यकाल की सौगातें गिनाईं रामलाल मीणा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल के दौरान प्रतापगढ़ जिले में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के समय प्रतापगढ़ को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। इनमें 7 कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, क्रिटिकल केयर वार्ड और करीब 1100 किलोमीटर सड़कों सहित कई विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत के महारैली में शामिल होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का उत्साह बढ़ेगा। भाजपा सरकार पर साधा निशाना पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता अपने कामों को लेकर परेशान है और सरकार के स्तर पर अपेक्षित काम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से जन आक्रोश यात्रा निकाली गई। महारैली के माध्यम से जनता की समस्याओं और उनके हक-अधिकार की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में अशोक गहलोत के प्रतापगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके स्वागत से लेकर महारैली में आने वाले लोगों के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। रामलाल मीणा ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में दिवाक माता पहुंचकर महारैली में शामिल होने और अपने हक-अधिकार की आवाज बुलंद करने की अपील की है।