चूरू जिले के रतनगढ़ में जयपुर से हनुमानगढ़ जा रही एक रोडवेज बस में दो महिला यात्रियों के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। घटना का पता चलने पर बस को टीडियासर टोल से पहले रोका गया और पुलिस को सूचना दी गई। सीकर निवासी सुमन कंवर अपने पीहर रतनगढ़ तहसील के गांव छाबड़ी खारी आ रही थीं, जबकि मेमा कंवर अपने बेटे दीपेंद्रसिंह के साथ गांव लधासर स्थित अपने पीहर जा रही थीं। दोनों महिलाएं सीकर से बस में सवार हुई थीं। सुमन कंवर ने बताया कि बस में चढ़ते ही अज्ञात व्यक्ति ने उनके पर्स से मंगलसूत्र और पांच हजार रुपए नकद चुरा लिए। उन्हें रक्षाबंधन के अवसर पर अपने पीहर जाना था। चोरी का पता चलने पर सुमन कंवर ने बस ड्राइवर सीताराम और कंडक्टर सरिता को सूचना दी, लेकिन बस नहीं रोकी गई। इसके बाद उन्होंने अपने पीहर पक्ष को गांव छाबड़ी खारी में सूचित किया। पीहर पक्ष की सूचना पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बस को टीडियासर टोल के पास रुकवाकर तलाशी ली। इसी दौरान बस में सवार मेमा कंवर ने भी आरोप लगाया कि उनके बैग से रखड़ी, शिश फूल और चांदी का लॉकेट गायब है। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक बस को रोककर यात्रियों, ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान सुमन कंवर की तबीयत भी खराब हो गई। बस ड्राइवर ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्होंने बस रोकी थी, लेकिन पुलिस के नहीं आने और यात्रियों को देरी होने के कारण वे गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे। इस संबंध में अभी तक पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।