सालमगढ़ थाना पुलिस ने बालिका से छेड़छाड़ और उसे खींचने की कोशिश के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी बापर्दा डिटेन किया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, घटना 23 अगस्त की है। बालिका बाजार से अपने घर जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने बालिका से छेड़छाड़ की और उसे खींचने की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर आसपास के लोगों का ध्यान घटना की ओर गया। इसके बाद तीनों युवक मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली मदद घटना के संबंध में 25 अगस्त को बालिका के परिजनों ने सालमगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने बाजार और आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर संदिग्ध युवकों के हुलिए के बारे में सुराग जुटाए गए। मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों से पूछताछ पुलिस ने मुखबिर की सूचना और आरोपियों के हुलिए के आधार पर थाना क्षेत्र के संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना में उनकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उनके एक साथी बाल अपचारी को बापर्दा डिटेन किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद डीएसपी चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में सालमगढ़ थानाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस टीम में थानाधिकारी दीपक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।