सलूम्बर नगर परिषद के 25 वार्डों में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। अंतिम दिन कुल 76 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। भाजपा-कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल कर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। नामांकन प्रक्रिया के समापन के साथ चुनावी प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो गया है। हालांकि प्रत्याशियों की अंतिम सूची अभी सामने नहीं आई है। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी, जबकि 3 सितंबर नाम वापसी की अंतिम तारीख है। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इससे 25 वार्डों में असली चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। कई वार्डों में निर्दलीयों ने भरा पर्चा नामांकन के दौरान कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी देखी गई। वार्ड 1 में मुकेश सेवक और संदीप, वार्ड 2 में शुभम जैन, महिपाल व जयप्रकाश जैन, वार्ड 3 में मोनिका, वार्ड 7 में हेमंत, वार्ड 11 में भंवर भोई और वार्ड 12 में निर्मला देवी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। इसी तरह वार्ड 16 में तारा, वार्ड 17 में विनोद जैन, वार्ड 19 में कृष्णा सोनी व वनिता, वार्ड 20 में आरती पटेल, वार्ड 22 में अशोक सालवी तथा वार्ड 25 में संगीता और पूजा शेखावत सहित कई अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी पेश की। BAP ने भी उतारे प्रत्याशी भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी कुछ वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वार्ड 4 से मंजू देवी, वार्ड 5 से रमेश कुमार मीणा और वार्ड 6 से भूपेंद्र मीणा ने नामांकन दाखिल किया है। इन वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है। दोनों दलों के सामने बागियों को मनाने की चुनौती नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के सामने टिकट से वंचित दावेदारों को मनाने की चुनौती है। अगर बागी प्रत्याशी नाम वापस लेते हैं, तो कई वार्डों में मुकाबला सीधे भाजपा-कांग्रेस के बीच रह सकता है। वहीं अगर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में टिके रहते हैं, तो वोटों के बंटवारे से चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। सलूम्बर नगर परिषद के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा और 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।