जालोर की सायला थाना पुलिस ने होटल के बाहर से चोरी हुई कैंपर कार मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया है, साथ ही कार को बरामद कर लिया है। पुलिस ने 48 घंटे में वारदात का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक- कैंपर कार चोरी के मामले में आरोपी नेमाराम (38) पुत्र मसराराम प्रजापत को गिरफ्तार किया है। नेमाराम बालोतरा जिले के सिवाना थाना इलाके में पठ रोड पादरू का रहने वाला है। चाय पीने गया था मालिक जानकारी के मुताबिक- 29 अगस्त को आसुराम विश्नोई निवासी वासला ने सायला थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में आसुराम ने बताया- मैं राणजी की होटल, सायला के पास अपनी कैम्पर गाड़ी नंबर जीजे 08 एपी 9246 खड़ी कर चाय पीने गया था। कुछ देर बार वापस लौटा तो गाड़ी मौके से गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति गाड़ी चोरी कर ले गया था। मैंने सायला थाने जाकर पुलिस में शिकायत की। टीम गठित की, सीसीटीवी खंगाले जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के निर्देश पर एएसपी मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक शंकराराम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी आधार पर जानकारी जुटाई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस ने 1 सितंबर को बालोतरा से मामले में आरोपी नेमाराम को डिटेन कर उसके कब्जे से चोरी की कैम्पर गाड़ी बरामद की। कार्रवाई में एएसआई शंकराराम, कांस्टेबल दिनेश कुमार, किशनलाल और बीरबलराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल दिनेश कुमार की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।