सीकर में पिछले 24 घंटे से सीकर में बादल छाए हुए हैं। बादलों की वजह से धूप से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। जिलेभर में अब तक औसत से भी कम बारिश होने से उमस लगातार बनी हुई है। वहीं बीती रात हवा नहीं चलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिले के मानसून मीटर में औसत से भी कम बारिश ने इस बार किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार- आज सुबह का न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले गुरूवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे में सीकर में दिन-रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार- सीकर में आज हल्की बारिश होने का अनुमान है। आमजन अभी उमस और गर्मी से प्रभावित हैं। इस बार सीकर समेत शेखावाटी इलाके में इस साल मानसून के अंत तक सामान्य से भी कम बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान में मानसून की छितराई बारिश हुई है। मानसूनी एयर सिस्टम का प्रेशर बार-बार बदलने की वजह से अभी तक अच्छी बारिश देखने को नहीं मिली है।