सीकर में आज सुबह से हल्के छितराए बादल छाए हैं। धूप निकलने से गर्मी व उमस बढ़ी हुई है। जिले में इस बार मानसून की बारिश कमजोर रही है। मानसून की ट्रफ लाइन राजस्थान से बार-बार शिफ्ट हो रही है। अब फिर से मानसून की गतिविधियां होने का कोई पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक सप्ताह से मौसम ड्राई बना हुआ है और अब आगे भी मौसम शुष्क रहेगा। विभाग के अनुसार 3 सितंबर तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। बीती रात हवाएं नहीं चलने से न्यूनतम तापमान स्थिर बना रहा। बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में आज बादलवाही कम होने से धूप में तेजी है और उमस बनी हुई है। इस कारण तापमान भी लगभग स्थिर बना हुआ है।