रामपुरा कंवरपुरा के प्राथमिक स्कूल का नया भवन बनाने का काम एक सितंबर से शुरू हो चुका है। सरकारी लापरवाही ऐसी रही कि स्कूल के नए भवन के लिए टेंडर जारी होने के बावजूद काम प्रारंभ नहीं हुआ। सीजेपी ने आंदोलन किया तो आनन फानन में काम शुरू हुआ। यही हाल प्रदेश के अधिकांश स्कूलों का है। सरकार अब तक 1293 स्कूलों के नए भवन निर्माण के लिए 1094.53 करोड़ रुपए स्वीकृत कर चुकी है। अधिकांश में अब तक काम प्रारंभ नहीं हुआ है। प्रदेश में आचार संहिता लगी है। ऐसे में 2 महीने नए स्कूल भवनों का काम प्रारंभ नहीं हो पाएगा। विभाग के अधिकारियों ने अगर इन स्कूलों में नए भवन का काम प्रारंभ नहीं किया तो सीजेपी की तरह कोई और श्रेय ले लेगा। इसलिए अगर बजट स्वीकृत होने के साथ ही टेंडर व अन्य औपचारिकताएं समय रहते पूरी हो जाती तो कोई और श्रेय नहीं ले पाता। प्रदेश में वर्तमान में 3768 स्कूलों के भवन जर्जर घोषित हुए हैं। इन स्कूलों के लिए अलग अलग फेज में नए भवन बनाए जाने हैं। सरकार ने पिछले दिनों 12500 करोड़ रुपए के खर्च से स्कूलों की दशा सुधारने का रोडमैप तैयार किया है। नए स्कूल भवनों के लिए इसमें से 2487.75 करोड़ रुपए खर्च होने है। विभाग ने फिलहाल 1293 स्कूलों के लिए 1094.53 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति जारी की थी। लेकिन काम प्रारंभ नहीं हो पाया है। नए बनने वाले स्कूल भवनों में हवादार कक्षाएं, स्वच्छ पेयजल, बालक-बालिका पृथक शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्लान है। जयपुर जिले में 28 स्कूलों के नए भवन बनेंगे : जयपुर जिले में 28 स्कूलों के नए भवन बनेंगे। इन स्कूलों के भवन निर्माण पर 2902.53 लाख रुपए खर्च होंगे। किस जिले में कुल कितने स्कूलों को मिलेंगे नए भवन : उदयपुर में 210, झालावाड़ में 176, भीलवाड़ा में 102, बांसवाड़ा में 99, बारां में 85, सवाई माधोपुर में 52, अलवर में 37, टोंक में 36, दौसा में 31, डूंगरपुर में 30, गंगानगर में 30, धौलपुर में 29, बीकानेर में 28, जयपुर में 28, बूंदी में 27, चित्तौड़गढ़ में 27, सिरोही में 22, बाड़मेर में 19, कोटा में 19, जोधपुर में 18, प्रतापगढ़ में 18, भरतपुर में 17, झुंझुनूं में 17, सीकर में 17, करौली में 14, जालोर में 13, खैरथल-तिजारा में 13, डीडवाना-कुचामन में 12, चूरू में 11, अजमेर में 10, हनुमानगढ़ में 10, डीग में 9, राजसमंद में 7, जैसलमेर में 3, नागौर में 3, पाली में 2, सलूंबर में 2, फलोदी में 1 और ब्यावर में 9 स्कूलों के नए भवन बनेंगे। रामपुरा स्कूल भवन पर सीजेपी झूठा श्रेय ले रही है। पहले से ही स्वीकृति है। हम दबाव में काम नहीं करते। जिन स्कूलों के नए भवन बनाए जाने हैं। उनका काम जल्द प्रारंभ होगा। - मदन दिलावर, शिक्षामंत्री