भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में पिछले करीब 10 दिनों से अघोषित बिजली कटौती बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है। शाम के बाद कटौती का सिलसिला शुरू होकर देर रात तक रुक-रुककर चलता रहता है। इससे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद हो जाते हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली जाने और आने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। कर्मचारियों से संपर्क करने पर जवाब मिलता है कि आगे से बिजली गई हुई है, पता नहीं कब आएगी। ग्रामीणों के मुताबिक संबंधित अधिकारी फोन नहीं उठाते। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से गलियों और घरों के आसपास अंधेरा रहता है। इससे चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रखरखाव या तकनीकी कारणों की जानकारी पहले दी जाए और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए। सुधार नहीं होने पर सामूहिक विरोध की चेतावनी दी गई है।