हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर में एक महिला का शव मिला है। महिला करीब 4 दिन पहले घर से लापता हुई थी और मानसिक रूप से परेशान थी। शव मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम को लेकर परिजनों और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर धरना दिया। मृतका की पहचान माणा देवी (45) पत्नी बनवारी नायक के रूप में हुई है। परिजन 4 दिन से उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को उनका शव इंदिरा गांधी नहर में मिला। पुलिस ने शव को टिब्बी राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा था। डॉक्टर पर बदसलूकी का आरोप गुरुवार देर शाम शव के पोस्टमॉर्टम को लेकर मृतका के परिजनों और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बीच विवाद हुआ। परिजनों ने डॉक्टर पर बदसलूकी का आरोप लगाया। मामला बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर जमा हुए और देर रात तक धरना देकर विरोध किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया को लेकर डॉक्टर ने परिजनों के साथ सही बर्ताव नहीं किया। मृतका के पीहर पक्ष के देर शाम अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद और बढ़ गया। ग्रामीणों ने डॉक्टर के व्यवहार पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। SDM, थानाधिकारी ने की लोगों से समझाइश सूचना मिलने के बाद एसडीएम बाबूलाल और थानाधिकारी राकेश सांखला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाया और मामला शांत किया। समझाने के बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू करवार्ठ। पुलिस महिला की मौत के कारणों और नहर में गिरने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, माणा देवी मानसिक रूप से परेशान रहती थीं।