नगर परिषद चुनाव क्षेत्र में मंगलवार देर रात तक नामांकन पत्रों की जांच में जिले की 10 निकाय क्षेत्रों में विभिन्न कमियों के चलते 681 नामांकन पत्र रिजेक्ट हुए है। जिले में अब 1498 उम्मीदवारों के 1568 नामांकन पत्र वैध पाए गए। नामांकन के आखिरी दिन तक इन दस नगर निकायों के वार्डों के लिए 2349 नामांकन पत्र 1925 आवेदकों ने दाखिल किए थे। जांच के दौरान इनमें से मालपुरा नगर पालिका में दो कांग्रेस और एक बीजेपी प्रत्याशी का नामांकन रिजेक्ट हुआ है। इसको लेकर का कांग्रेस ने तो रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के बाहर काफी देर प्रदर्शन भी किया। जांच के बाद सबसे ज्यादा नामांकन टोंक नगर परिषद क्षेत्र में 391 उम्मीदवारों के 343 रहे है। यहां के लिए 483 नामांकन किए गए है। इसमें से 120 नामांकन पत्र खारिज हुए हैं। यह तस्वीर साफ होने के बाद वार्ड संख्या 3, 19 और 20 में दो-दो प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में है। ऐसे मेंयहां सीधा मुकाबला होगा। वहीं वार्ड संख्या 55 में सबसे अधिक 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं। अब 3 सितंबर तक नाम वापस लेने का अवसर रहेगा। इसके बाद अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित की जाएगी तथा 4 सितंबर को निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जा सकेंगे। पार्टी का सिंबल नहीं मिलने पर नामांकन निरस्त इस बार कांग्रेस और भाजपा ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों के पत्र सीधे रिटर्निंग अधिकारी को सौंपे। इसके चलते टिकट की उम्मीद में कई दावेदारों ने पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। कई दावेदारों ने पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन पत्र भरे थे। जिन प्रत्याशियों ने पार्टी के नाम से नामांकन दाखिल किया था, लेकिन उन्हें पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न नहीं मिला, उनके नामांकन पत्र निरस्त हो गए। इसी तरह जिन दावेदारों ने पार्टी और निर्दलीय दोनों रूपों में नामांकन दाखिल किए थे, उनका एक नामांकन निरस्त किया गया। अब 3 सितंबर तक नाम वापसी के बाद ही नगर परिषद चुनाव में प्रत्येक वार्ड की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद टोंक में कांग्रेस के 59 एवं भाजपा के 52 प्रत्याशी मैदान में है। जिसमें से 3 व 19 नंबर वार्ड में कांग्रेस, भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। 20 में भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं है। जहां भी कांग्रेस के मुकाबला निर्दलीय से हो सकेगा। मालपुरा में दो कांग्रेस, एक बीजेपी का नामांकन रिजेक्ट, कांग्रेस का प्रदर्शन: मालपुरा में 373 नामांकन पत्रों की जांच के बाद 146 नामांकन पत्र खारिज किए गए। इसमें दो नामांकन पत्र कांग्रेस के और एक भाजपा प्रत्याशी है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के वार्ड नंबर 29 के प्रत्याशी के नामांकन पत्र में नाम की गलती के बावजूद निर्वाचन अधिकारी द्वारा खारिज नहीं करने पर कांग्रेस के लोगों ने प्रदर्शन किया और निर्वाचन अधिकारी कार्यालय एडीएम के बाहर एकत्रित होकर करीब चार घंटे तक रोष जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि वार्ड नंबर 29 के भाजपा प्रत्याशी के नामांकन पत्र और मतदाता सूची में नाम अलग अलग होने के बावजूद निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन पत्र खारिज नहीं किया गया। जबकि कांग्रेस के वार्ड नंबर एक के प्रत्याशी योगेंद्र गुप्ता के सिंबल में प्रत्याशी के पिता का नाम अलग होने पर नामांकन पत्र को खारिज किया है। इसी प्रकार वार्ड पांच के कांग्रेस प्रत्याशी जीतराम का नामांकन भी खारिज किया गया है। कांग्रेस के विरोध के चलते निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जांच बाद की सूचियां रात तक जारी नहीं की जा सकी। देर शाम को एडीएम निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया वार्ता देर रात तक जारी रही।