रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालु 30 अगस्त से 5 सितंबर तक एक सप्ताह तक दर्शन नहीं कर सकेंगे। तेज बारिश से कई जगह क्षतिग्रस्त हुए मंदिर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए वन विभाग ने मरम्मत व रखरखाव कार्य शुरू किया है। इस दौरान मंदिर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डीएफओ मानस सिंह ने श्रद्धालुओं से निर्धारित अवधि में मार्ग का उपयोग नहीं करने और विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रास्ता फिर से आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मार्ग की होगी मरम्मत रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि तेज बारिश के चलते गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग की वर्तमान सतह कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। पूर्व में भी बारिश के कारण मार्ग बार-बार खराब होता रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए काम श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए मार्ग का आवश्यक रखरखाव और सुधार कार्य किया जा रहा है। इस दौरान गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और आमजन से निर्धारित अवधि में इस मार्ग का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है। मरम्मत पूरी होने के बाद फिर खुलेगा रास्ता मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग को आमजन के आवागमन के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। विभाग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। वन विभाग ने मरम्मत कार्य के दौरान श्रद्धालुओं से सहयोग करने और विभाग की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है।