उदयपुर में रोडवेज बस में चढ़ते समय एक महिला का आधा तोले का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। महिला अपने बेटे के साथ चि​त्तौड़गढ़ जाने वाली रोडवेज बस में बैठी थी। बस में बैठते ही महिला को पता लगा कि उसके गले से किसी ने मंगलसूत्र छीन लिया। महिला ने बस में और आस-पास देखा लेकिन कहीं नहीं मिला। घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र में उदयपोल चौराहा स्थित रोडवेज बस स्टैंड की है। मामले की जांच कर रहे एएसआई तेजसिंह ने बताया कि प्रार्थी किशन सालवी निवासी चित्तौड़गढ़ हाल माली कॉलोनी उदयपुर ने मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी ललिता और बेटा चित्तौड़गढ़ जा रहे थे। बस में चढ़ने के बाद पत्नी को मंगलसूत्र गले से गायब मिला। एएसआई ने बताया कि बस स्टैंड प्लेटफार्म और परिसर में लगे सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बदमाश ने भीड़ का उठाया फायदा पुलिस के अनुसार- रक्षाबंधन पर्व को लेकर रोडवेज बस स्टैंड पर भारी संख्या में महिलाओं की भीड़ थी। रोडवेज प्रबंधन की ओर से बार-बार जे​ब कतरों से सावधान रहने की अपील भी की जा रही थी। गुरुवार दोपहर 2 बजे जब चित्तौड़ जाने वाली बस जैसे ही स्टैंड पर पहुंची। तभी सीट पहले पाने के चक्कर में कई यात्री उस बस की तरफ दौड़े। यात्रियों की भीड़ बस में एक-एक कर चढ़ने लगी। 10 मिनट बाद बस रवाना हुई। बैठने के बाद महिला को अपने गले में मंगलसूत्र गायब मिला। उसने बस में इधर-उधर ढूंढा लेकिन कहीं नहीं मिला।