उदयपुर में इन दिनों फायरिंग की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार रात अंबामाता थाना क्षेत्र के गांधी नगर इलाके में भी फायरिंग हुई। हिस्ट्रीशीटर बाइक पर एक घर के बाहर पहुंचा और शराब की 2 बोतल फेंकी। इसके बाद पिस्टल से फायर किया। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हिस्ट्रीशीटर नजर आ रहा है। आपसी रंजिश में किया हमला थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर बड़ा मेवाती ने अपने साथी के साथ अरबाज नाम के युवक के घर पर फायरिंग की। दोनों में आपसी रंजिश है और इससे पहले भी इनका झगड़ा हो चुका है। आरोपी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायर किए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस की टीमें आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। 5 दिन में फायरिंग की 4 वारदात, रोकने में पुलिस नाकाम 30 अगस्त को सवीना थाना क्षेत्र में बरकत कॉलोनी कट पर हिस्ट्रीशीटरों की गैंगवार के चलते फायरिंग की घटना हुई। जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर घायल हो गया। उसे कंधे में दो गोलियां लगी थीं। 1 सितंबर को हाथीपोल थाना क्षेत्र में भी आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने हिस्ट्रीशीटर इरफान खान पर फायरिंग की। हाथ में 2 गोली लगने से इरफान घायल हो गया। अली उर्फ शादाब खान और अरशद उर्फ बाटी ने घटना को अंजाम दिया। ​ 1 सितंबर को ही डबोक थाना क्षेत्र में फायरिंग की दूसरी वारदात हो गई। विवाहिता का अपहरण करने के लिए बदमाश उसके घर पहुंचे और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। आरोपी सुरेश, लोकेश और राजू सहित अन्य बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ भी की।