उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर BJP ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद सूची को अंतिम रूप देने की तैयारी की गई। इस बार पार्टी अलग -अलग 2 लिस्ट जारी करने के बजाय सभी 80 वार्डों के उम्मीदवारों की पूरी सूची एक साथ जारी कर सकती है। पार्टी की ओर से शुक्रवार सुबह लगभग कुछ संभावित उम्मीदवारों को फोन कर तैयारी पूरी रखने को कहा गया है और कुछ उम्मीदवारों को फोन आने का इंतजार है। दरअसल, उदयपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं और शहरवासियों की नजरें अधिकृत प्रत्याशियों की पहली सूची पर टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, आज रात के बाद किसी भी समय यह सूची जारी हो सकती है। जयपुर में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के सामने 80 वार्डों की सूची रखी। नेताओं ने उदयपुर के चुनावी समीकरण, वार्डों की स्थिति और मजबूत दावेदारों को लेकर शीर्ष नेतृत्व से विस्तार से चर्चा की। विधायकों और संगठन की पसंद को प्राथमिकता तैयार पैनल में जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह, वरिष्ठ नेता प्रमोद सामर गुट और दोनों स्थानीय विधायकों के समर्थकों के नाम शामिल हैं। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में विधायक और संगठन गुट के बीच दावेदारों के नाम पर पूरी सहमति बन चुकी है। वहीं शहर विधायक ताराचंद जैन ने अपने और पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के करीबियों को टिकट देने की पैरवी की, हालांकि कटारिया समर्थकों को इस बार संख्या में कम जगह मिलने की संभावना है। कुछ नेताओं को उनके वार्ड के रिजर्व हो जाने से दूसरे वार्ड से चुनाव लड़वाने पर सहमति बनी है, इसके बाद उनके दूसरे वार्ड से मौका मिलने की पूरी संभावना है। इसके लिए संगठन और विधायकों ने इसे विशेष परिस्थिति बताया। दिग्गजों के साथ नए चेहरों को भी मौका सूची में 2 मंडल अध्यक्षों और एक महिला मोर्चा पदाधिकारी को पहली बार चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, दिनेश भट्ट, किरण जैन और अतुल चंडालिया के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। इसके साथ ही कई पुराने पार्षदों पर दोबारा भरोसा जताने के लिए दोनों विधायकों ने मजबूत पैरवी की है। कटारिया के करीबियों पर सहमति, विवाद वाले 2 वार्डों में बदलाव संभव गुलाबचंद कटारिया के करीबी तीन प्रमुख नेताओं अतुल चंडालिया और किरण जैन के नाम पर दोनों विधायकों ने एकजुट होकर सहमति जताई। वहीं आपसी समन्वय न बनने और विरोध की आशंका वाले 2 वार्डों में आखिरी वक्त पर नाम बदलने पर विचार हुआ। गोवर्धनविलास क्षेत्र के एक वार्ड में बड़े बीजेपी नेता के बेटे की दावेदारी पर भी पेच फंसा है, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने अंतिम फीडबैक दिया है।