निकाय चुनाव को लेकर दैनिक भास्कर डिजिटल टीम ने शहर के वार्ड संख्या 16 से 20 का दौरा किया। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं को जानने के लिए वहां के लोगों से मिले। किसी ने पर्याप्त पेयजल की सप्लाई नहीं होने तो किसी ने रोडवेज लाइट गुल रहने तो किसी ने सीवरेज को वार्डवासियों के लिए नासूर बताया। और बोले कि इस बार ऐसा पार्षद आए जो उनकी वार्ड की सालों पुरानी इन समस्याओं के समाधान के लिए काम कर सके। वार्ड संख्या 16 - रात को मिलती है पानी की सप्लाई, कई बार भर भी नहीं पाते पूर्व पार्षद मनीष जैन ने बताया कि वार्ड संख्या 16 में नाली व्यवस्था बदहाल है। गंदा पानी नालियों में भरा पड़ा रहता है। इसके चलते घरों की नीवें खराब हो रही है। वही सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है। इसी वार्ड के रहने वाली प्यारी बाई ने बताया कि उनके मोहल्ले में रात को पानी आता है। ऐसे में कई बार पानी भर भी नहीं पाते। पेयजल सप्लाई सुबह के समय दी जाने चाहिए। वार्ड संख्या 17 - सीवरेज है लेकिन शुरू नहीं हुई, गंदा पानी फैला रहता है सड़कों पर वार्ड संख्या 17 की रहने वाली पूर्णिमा राजपुरोहित कहती है कि उनके गली में सीवरेज लाइन तो बिछाई हुई है लेकिन शुरू नहीं हुई। इसके चलते नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैला रहता है। सड़क पर पत्थर रखकर उसके ऊपर से आना-जाना पड़ता है। इसका समाधान होना चाहिए। इसी वार्ड के रहने वाले विजय कुमार बताते है कि नालियां टूटी हुई है। सड़क का लेवल नीचे है। ऐसे में नाली का गंदा पानी सड़क पर फैला रहता है। वार्ड संख्या 18 - भारी वाहन मोहल्ले से गुजरते है, हादसे का रहता है डर वार्ड संख्या 18 के तेली कॉलोनी में रहने वाले वाशिद गौरी बताते है उनके मोहल्ले में भारी वाहनों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में हादसा होने का डर रहता है। बच्चों को घर से बाहर खेलने के लिए भेजने में भी डर लगता है। इसी वार्ड में रहने वाली जमना देवी बताती है कि पेयजल सप्लाई सुचारू नहीं होती। सड़कें टूटी पड़ी है। नालियों की हालत भी खराब है। कब सुधरेगी यह व्यवस्था। वार्ड संख्या 19 - सरकारी स्कूल नहीं है हमारे मोहल्ले में वार्ड संख्या 19 शेखों की ढाणी में रहने वाले मोहम्मद आरीफ गौरी ने बताया कि शेखों की ढाणी में सरकारी स्कूल नहीं है। जबकि यहां रहने वाले ज्यादातर मजदूर तबके के है। ऐसे में मोहल्ले से करीब दो किलोमीटर दूर स्कूल भेजना पड़ता है। इसी वार्ड के रहने वाले महेंद्र मेवाड़ा ने बताया कि वार्ड क्षेत्र में ज्यादातर गलियों में पेयजल की सप्लाई पर्याप्त नहीं है। ऐसे में खासे परेशान है। इसका समाधान होना चाहिए। वार्ड संख्या 20 - सप्ताह में एक बार आता है हमारे घरों में पानी वार्ड संख्या 20 के कालू कॉलोनी में रहने वाली नसीम बानो बताते है कि सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर फैला रहता है। सड़कें भी टूटी हुई है। मोहल्ले में पेयजल सप्लाई भी पर्याप्त नहीं मिलती। इसी वार्ड के गिरधारीसिंह की ढाणी में रहने वाली सुगना देवी कहती है कि खेती कर गुजारा करते है। लाइट का बिल ज्यादा आता है। पानी की सप्लाई भी एक सप्ताह में एक बार मिलती है। ऐसे में खुद की जेब से रुपए खर्चकर पानी का टैंकर डलवाना पड़ता है।