भास्कर न्यूज | नागौर अमरपुरा पंचायत के ग्राम गुड़ला में स्थित सती माता मंदिर परिसर में सरकारी भूमि पर विधायक कोटे से बन रहे प्रवेश द्वार को लेकर विवाद फिर गरमा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य करवा रहे ठेकेदार ने सरकारी योजना से बन रहे गेट पर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम पत्थर पर अंकित करवा दिया। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि और विधायक कोटे से होने वाले विकास कार्य पर किसी ठेकेदार या उसके परिवार के नाम अंकित करना उचित नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध करते हुए गेट पर लगाया गया नाम वाला पत्थर हटा दिया। इसको लेकर प्रशासनित स्तर तक शिकायत भी हुई मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस पर ग्रामीणों ने खुद ही यहां लगे नाम लिखे पत्थर को हटा दिया। ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकारी भूमि पर सती माता मंदिर के लिए बनाए जा रहे इस गेट पर केवल योजना और निर्माण से संबंधित अधिकृत जानकारी ही अंकित की जाए तथा व्यक्तिगत नाम लिखवाने के मामले की जांच की जाए। नागौर. प्रवेश द्वार को लेकर विवाद फिर गरमा गया है।