भास्कर न्यूज |बाटोदा देव बांदरा बाबा के दरबार में धोक लगाने के लिए बाटोदा से 1 सितंबर को धार्मिक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल है। वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा से जुड़ी इस यात्रा में बाटोदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि देव बांदरा बाबा की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यात्रा में गांव के छोटे-बड़े, युवा, बुजुर्ग और माताएं-बहनें उत्साह के साथ शामिल होकर बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएंगे। यात्रा को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। सभी का प्रयास है कि इस बार यात्रा पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित और यादगार बने। यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देने पर भी जोर दिया जा रहा है। आयोजकों ने आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होकर देव बांदरा बाबा के दरबार में पहुंचने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।