पंचायत चुनाव-2026 को लेकर बुधवार को तीसरे चरण की चार पंचायत समितियों के लिए 116 नामांकन दाखिल किए गए। नवलगढ़, गुढ़ागौड़जी, उदयपुरवाटी और गोठड़ा पंचायत समितियों में सदस्य पद के लिए उदयपुरवाटी में 17 ने 27, नवलगढ़ में 32 ने 32, गोठड़ा में 21 ने 21 तथा गुढ़ागौड़जी में 32 प्रत्याशियों ने 36 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत होंगे। जिनकी जांच शनिवार को सुबह 11 बजे से होगी। जांच के बाद 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी। गोठड़ा में पंचायत समिति सदस्य के 17 वार्डों में 21 नामांकन दाखिल नवलगढ़. पंचायत राज चुनाव को लेकर गोठड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को पंचायत समिति सदस्य के 17 वार्डों के लिए कुल 21 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। रिटर्निंग अधिकारी देवीलाल यादव के अनुसार बुधवार दोपहर 3 बजे तक प्राप्त नामांकन पत्रों में भाजपा के 4, कांग्रेस के 9, बसपा का 1 और 7 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।