पंवालिया| ग्राम पंचायत कपूरावाला के तेजावाला गांव स्थित संत मस्तराम बाबा की बगीची में सोमवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संत मस्तराम बाबा के सान्निध्य में आयोजित इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 21 छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया। पर्यावरण प्रेमी दिनेश बागड़ा और अमित शर्मा ने बताया कि परिसर में जामुन, बिल्वपत्र, पीपल, मधुकामिनी और रुद्राक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर प्रह्लाद शर्मा, रवि खोज और नरेंद्र खोज ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।