श्रीगंगानगर| यूआईटी रोड पर स्थित डीटीडीसी कुरियर ऑफिस में पार्सल आए 36 हजार प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं। सदर पुलिस ने शनिवार शाम को ये कैप्सूल सीज करते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएचओ सुभाष ढिल मामले की जांच करेंगे। यह कैप्सूल विनमैक्स फार्मा के बनाए हुए हैं। यह वही फर्म है जिसके नाम से ड्रग तस्करी का आरोपी पंचवटी कॉलोनी निवासी अश्विनी शर्मा करोड़ों कैप्सूल बनाकर बेच चुका है। जिले में मेडिकेटेड ड्रग सप्लाई का यह नया नेटवर्क है। इन कैप्सूलों को भेजने वाले की पहचान होने की संभावना जताई गई है। संबंधित निर्माता कंपनी को पत्र लिखकर इन कैप्सूल को ऑर्डर करने वाले की जानकारी ली जाएगी। रीको चौकी प्रभारी एसआई अमन ने बताया कि शाम को कुरियर के संचालक शिव कुमार ने कांस्टेबल रघुवीर सिंह को फोन कर बताया कि उनके यहां स्टोर पर संदिग्ध दो कट्टे आए हैं। इस पर वे हेड कांस्टेबल मनफूल राम और कांस्टेबल राधेश्याम, रघुवीर को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। दोनों कट्टों को खोलकर चेक किया गया तो इनमें प्रीगाबालिन कैप्सूल के 180 बॉक्स मिले। इनमें 1800 स्ट्रिप में 36 हजार कैप्सूल बरामद किए गए।