करीब 2 लाख रुपए के 8 बकरे चोरी कर ले जाने के मामले में पुलिस ने जोधपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो और बकरे भी बरामद किए गए हैं। वारदात पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी में 2 अप्रैल को हुई थी। टीपी नगर थाने के SHO भानूप्रताप सिंह राठौड़ ने बताया- पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी निवासी आमीन पुत्र अकबर खान ने थाने में रिपोर्ट दी थी। बताया कि इंद्रा कॉलोनी संजरी नगर स्थित उसके घर के बाहर बाड़े का ताला तोड़कर चोर 2 अप्रेल की रात को 8 बकरे चुरा ले गए। बकरों की बाजार कीमत करीब दो लाख रुपए है। रिपोर्ट में बताया कि वहां लगे CCTV कैमरे में रात को एक संदिग्ध लग्जरी कार भी नजर आई, जो उनके मकान के बाहर रूकी। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। CCTV फुटेज से पकड़े गए आरोपी मामले में गठित टीम में शामिल ASI ओमप्रकाश चौधरी, कॉन्स्टेबल सूरज चौधरी, श्रवण चौधरी CCTV फुटेज खंगालते हुए जोधपुर तक पहुंचे। मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। उन्होंने पाली से बकरे चोरी करना कबूला, ऐसे में उन्हें गिरफ्तार कर वारदात में उपयोग ली स्कॉर्पियो और चुराए गए बकरे बरामद किए। इन चार आरोपियों को किया गिरफ्तार मामले में पुलिस ने जोधपुर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पाबुपुरा निवासी विनोद उर्फ विक्की(24) पुत्र उगमराज, सूरज(22) पुत्र बजरंग, बहादूर उर्फ दीपक(22) पुत्र सायरराम और पाली के गुरलाई मार्ग रोड निवासी दौलत उर्फ कालू(22) पुत्र सूरज को गिरफ्तार किया। पाली निवासी दौलत ने ही अन्य आरोपियों को पाली से बकरे चोरी करने के लिए बुलाया था और लोकेशन पर ले गया था। शादी में जाने की कहकर लाए थे किराए पर स्कॉर्पियो आरोपी जोधपुर से 8 हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से स्कॉर्पियो बिना ड्राइवर के लेकर आए थे। जहां से उन्होंने गाड़ी किराए पर ली, वहां बताया था कि उनके रिश्तेदार की शादी है, इसलिए दूल्हे को स्कॉर्पियो में बिठाकर ले जाएंगे। …………………….. यह खबर भी पढ़ें- बाड़े से चोरी हो गए 8 बकरे-बकरियां:पीड़ित बोला-2 लाख थी कीमत, CCTV में दिखी लग्जरी कार पर शक