पूर्व विधायक अतरसिंह भड़ाना हत्याकांड में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 35 टीमें दबिश दे रही हैं। राजस्थान के आसपास के इलाकों से लेकर दूसरे राज्यों तक आरोपियों के ठिकाने खंगाले जा रहे हैं। 7 दिन में 400 से ज्यादा जगह दबिश दी जा चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक 11 आरोपियों को ही गिरफ्तार कर पाई है। कई अभी भी पकड़ से दूर हैं। लगातार दबिश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर अब पुलिस ने भौंड़ा गांव के आठ फरार आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार जुटी हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्य आरोपी मुकेश फौजी धौलपुर करौली बॉर्डर से पकड़ा... हत्याकांड में गिरफ्तारियों का सिलसिला अलग-अलग चरणों में चला। पुलिस ने पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। फिर मुख्य आरोपी मुकेश फौजी को धौलपुर-करौली बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। शनिवार रात पुलिस ने लालाराम और सिया कंचन को भी गिरफ्तार कर लिया। इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब पुलिस के सामने बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है। इसके लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आठ आरोपियों पर इनाम घोषित होने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि उनकी गिरफ्तारी में मदद मिल सकेगी। 400 से ज्यादा ठिकानों पर दबिश, दूसरे राज्यों तक तलाश... 11 से 18 अक्टूबर के बीच पुलिस ने हत्याकांड में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए करीब 35 टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 400 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी जा चुकी है। इसके बावजूद कई आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। एसपी राजेश मीणा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आठ फरार आरोपियों पर 40 हजार रुपए का इनाम... पुलिस ने भौंड़ा गांव के आठ फरार आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। सभी पर घोषित इनाम की कुल राशि 40 हजार रुपए है। इनमें राजवीर उर्फ मग्गु पुत्र रामखिलाड़ी, जगत पुत्र टीकम, हेमसिंह पुत्र जलसिंह, गौरव पुत्र मग्गू, दानवीर पुत्र रामखिलाड़ी, पप्पी पुत्र शेरसिंह, डिग्गो पुत्र रंगी और राजू पुत्र कुंवरसिंह शामिल हैं। सभी वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आमजन से फरार आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वालों की मदद से फरार आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।