टोंक| राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग)-2025 के दूसरे दिन सोमवार को जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। पहली पारी में सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें पंजीकृत 11,636 अभ्यर्थियों में से 8,586 ने परीक्षा दी। 3,050 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में उपस्थिति 73.79 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं दूसरी पारी में आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा में 73.01 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। इसके तहत 8 पेपर कोऑर्डिनेटर, 47 ऑब्जर्वर तथा 4 सतर्कता दल तैनात किए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आरपीएससी की यह परीक्षा 17 जुलाई तक दो पारियों में आयोजित होगी। आगामी दिनों में विज्ञान, संस्कृत, गणित, अंग्रेजी, उर्दू विषयों की परीक्षाएं कराई जाएंगी।