भरतपुर| रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय (आरडी कॉलेज) में महिला अध्ययन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का 22 अक्टूबर को समापन किया जाएगा। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, जयपुर के निर्देशानुसार स्थापित रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तहत इस शिविर का आयोजन किया गया था। अकादमिक प्रभारी एवं महिला अध्ययन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. निशा गोयल ने बताया कि 13 अक्टूबर को शुरू हुए इस इस विशेष शिविर में लगभग 80 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आईं प्रशिक्षिका निर्मला ने छात्राओं को समय पाबंदी, ड्रेस कोड और आत्मरक्षा का महत्व समझाया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा का कहना है कि छात्राओं को कॉलेज में एक स्वस्थ, सुरक्षित व भयमुक्त माहौल देना संस्थान की प्राथमिकता है। वर्तमान समय की संवेदनशीलता को देखते हुए छात्राओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने में सक्षम बनती हैं। छात्राओं को हाथ, पैर, घुटने और कोहनी के सही उपयोग से अपनी रक्षा करने के गुर सिखाए गए। उन्हें पंच, किक और ब्लॉक जैसी मूलभूत तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन छात्राओं को पौष्टिक अल्पाहार भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. कविता आचार्य, डॉ. अलका गोयल, डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, डॉ. सरोज, विनय खंडेलवाल, हरीश स्वर्णकार और अंजू मीणा सहित महाविद्यालय के अनेक संकाय सदस्य एवं छात्राएं मौजूद रहीं।