पंचायती राज चुनाव के तहत जिले की सात पंचायत समितियों में तीसरे चरण में चुनाव होगा। गांवों की सरकार चुनने के इस महासमर में प्रत्याशी तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि, चुनाव में जीत-हार तो मतदाता तय करेंगे, लेकिन चुनावी मैदान में आपकी दावेदारी सही नामांकन पर निर्भर करेगी। पर्चा भरने में हुई एक छोटी सी चूक या दस्तावेज की कमी प्रत्याशी का पर्चा खारिज करवा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने संभावित प्रत्याशियों को हिदायत दी है कि वे नामांकन प्रक्रिया की बारीकियों को समझकर सभी कागजात तैयार कर लें। एससी, एसटी, ओबीसी सीटों से पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के लिए कलेक्टर या राज्य सरकार द्वारा प्राधिकृत अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है। यदि प्रत्याशी किसी अन्य राज्य का जाति प्रमाण पत्र लगाता है, तो वह अमान्य कर दिया जाएगा। जाति प्रमाण पत्र, मतदाता सूची और आधार कार्ड में नाम की स्पेलिंग एक समान होनी चाहिए। ये चार कमियां रहने पर खारिज होगा नामांकन 1. लाभ का पद : यदि प्रत्याशी सरकार या पंचायती राज संस्था के अधीन किसी लाभ के पद पर कार्यरत है, तो वह अयोग्य होगा। 2. आपराधिक रिकॉर्ड : किसी आपराधिक मामले में 6 माह या उससे अधिक सजा पा चुका व्यक्ति या ऐसे मामले का आरोपी जिसमें 5 वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान हो, चुनाव नहीं लड़ सकता। 3. चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष होना जरूरी है। 4. अधूरे प्रपत्र व शपथ पत्र : शपथ पत्र या अनिवार्य प्रपत्र न होने या अधूरी जानकारी देने पर स्क्रूटनी के दौरान नामांकन खारिज हो जाएगा। 7 पंचायत समितियों में कल से होंगे नामांकन पंचायती चुनाव के तीसरे चरण में बीदासर, राजगढ़, चांदगोठी, सिद्धमुख, भानीपुरा, सरदारशहर व सरदारशहर पूर्व पंचायत समिति में चुनाव होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि तीसरे चरण के लिए निर्वाचन की लोक सूचना 19 अक्टूबर को जारी होगी। प्रत्याशी 23 अक्टूबर तक नामांकन कर सकेंगे। तीसरे चरण में 247 ग्राम पंचायतों के 674 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। जिला परिषद के 20 सदस्यों व संबंधित पंस. के 117 सदस्य पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। तीसरे चरण के तहत जिप व पंस. सदस्य के लिए 3 नवंबर को मतदान होगा। वहीं पंच व सरपंच के लिए 4 नवंबर को नामांकन और 5 नवंबर को मतदान होगा। इधर, भाजपा व कांग्रेस ने अभी तक जिप व पंस. प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है।