भास्कर न्यूज | टोंक जिले के हर बच्चे को शिक्षा के अधिकार से जोड़ने व स्कूल से बाहर और अनामांकित बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कवच परियोजना के तहत विशेष नामांकन जागरूकता अभियान की शुरुआत सोमवार को हुई। शिव शिक्षा समिति, रानोली की ओर से अभियान का शुभारंभ सी बीईओ सुबे सिंह यादव, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नवल खान और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक करतार सिंह मीणा ने सी बीईओ कार्यालय से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। सीबीईओ यादव ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। यह अभियान सुनिश्चित करेगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम प्रबंधक सीताराम शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले की 160 ग्राम पंचायतों में जागरूकता वाहनों के जरिए शिक्षा के महत्व का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कवच परियोजना से जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करते हुए बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम पर भी कार्य किया जा रहा है। जिला समन्वयक पूनम जोनवाल ने बताया कि अभियान के दौरान पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समितियां, मीना मंच और विद्यालय प्रबंधन समितियां (एसएमसी) परिवारों से संपर्क कर बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित करेंगी।