कोटा के अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में करीब 23 साल की बाघिन महक को चलने में परेशानी आ रही है, इसके चलते बागिन को पर्यटक देख नहीं सकेंगे। बाघिन को फिलहाल डिस्प्ले एरिया में नहीं छोड़ा जाएगा। रविवार को डॉक्टरों की टीम ने उसका चेकअप किया। चेकअप में सामने आया कि बाघिन के शरीर का पिछला हिस्सा कमजोर हो गया है। उसे चलने और शरीर का बैलेंस बनाने में परेशानी हो रही है। ऐसे में उसके गिरने और चोट लगने का खतरा है। डॉक्टरों ने बाघिन को डिस्प्ले एरिया में नहीं रखने के सलाह दी डॉक्टरों के मुताबिक, बाघिन के शरीर का तापमान और सांस लेने की दर सामान्य है। हालांकि, 17 अक्टूबर को उसने खाना नहीं खाया था। रविवार को बाघिन ने करीब 2.8 किलो चिकन खाया। उम्र अधिक होने और चलने-फिरने में परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने फिलहाल उसे डिस्प्ले एरिया में नहीं रखने की सलाह दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने भी इस सलाह के आधार पर बाघिन को फिलहाल डिस्प्ले एरिया में नहीं छोड़ने का फैसला किया है। अब उसे नाइट शेल्टर और कराल एरिया में रखा जाएगा, जहां उसे आराम मिलेगा और जरूरत के हिसाब से देखभाल की जाएगी। बाघिन की देखरेख के लिए केयरटेकर और वरिष्ठ पशु चिकित्सक को जिम्मेदारी दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार उस पर नजर रखेगी, ताकि उसकी सेहत का ध्यान रखा जा सके और उसे किसी तरह की चोट न लगे।