ब्रह्माकुमारीज संस्थान, आबूरोड के एक वरिष्ठ सदस्य को एक फर्जी और एडिटेड ऑडियो वायरल कर बदनाम करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शांतिवन निवासी वरिष्ठ पदाधिकारी बीके कोमल ने आबूरोड सदर थाने में आरोपी निखिल कुमार और उसके सहयोगियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। 2 ऑडियो मैसेज से छवि खराब करने का आरोप रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर 2 मनगढ़ंत ऑडियो संदेश तैयार किए। इन संदेशों को सोशल मीडिया और ब्रह्माकुमारीज के सदस्यों के बीच शेयर कर बीके कोमल की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। प्रार्थी बीके कोमल ने बताया कि वह पिछले 24 साल से ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कुछ दिन पहले संस्थान में अनाधिकृत प्रवेश और अतिक्रमण के मामले में निखिल कुमार व उसके साथियों के खिलाफ सदर थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज हुआ था। इसके बाद से आरोपी लगातार संस्थान और उससे जुड़े सदस्यों को बदनाम करने तथा आपसी वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रहा है। आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 30 अप्रैल को प्रार्थी को जानकारी मिली कि आरोपी द्वारा 2 ऑडियो मैसेज शेयर किए गए हैं। इनमें से एक ऑडियो में यह दर्शाने का प्रयास किया गया कि प्रार्थी ने किसी कार्य के लिए आरोपी से बड़ी धनराशि ली है, जबकि दूसरे ऑडियो में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। प्रार्थी का कहना है कि उसकी ऐसी कोई बातचीत कभी हुई ही नहीं। आरोप है कि आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों की मदद से ऑडियो को एडिट कर कृत्रिम रूप से तैयार किया और संस्थान के अनेक सदस्यों को भेज दिया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची तथा मानसिक प्रताड़ना हुई। पीड़ित ने पुलिस से दोनों ऑडियो की एफएसएल जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। आरोपी निखिल कुमार के खिलाफ थाने में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।