राजकीय मेडिकल कॉलेज, टोंक में प्राचार्य डॉ. लोकेन्द्र शर्मा के निर्देशन में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेंटल हेल्थ बैलेंस विद एकेडमिक विषय पर विशेष व्याख्यान किया गया। वेबिनार के मुख्य वक्ता रहे किडनी व पैंक्रियास ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ, हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) के विशेषज्ञ व बायोटेक सेक्टर के सलाहकार डॉ. धीरज कौल ने मेडिकल विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, बढ़ते शैक्षणिक दबाव के बीच तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रभावी उपाय बताए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में एआई और आधुनिक तकनीकों की बढ़ती भूमिका तथा भविष्य की चिकित्सा व्यवस्था में उनके महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। वेबिनार में राजकीय मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और शोधार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से सक्रिय भागीदारी की। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य, करियर विकास और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका डॉ. कौल ने विस्तार से जवाब दिया। प्राचार्य डॉ. लोकेन्द्र शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक और प्रेरणादायी कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।