कोटपूतली | सड़कों पर हादसे लगातार हो रहे हैं। लोगों की जान जा रही है। जिला प्रशासन की बैठकों में एक बार फिर सड़क सुरक्षा के वही पुराने मुद्दे गूंज रहे हैं। अवैध कट बंद होंगे। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई होगी। अतिक्रमण हटेंगे। यातायात नियमों की पालना कराई जाएगी। सवाल यह है कि जब हर बैठक में यही निर्देश दिए जाते हैं, तो सड़कों पर हालात बदल क्यों नहीं रहे? शुक्रवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में अवैध कट बंद कराने, ओवरलोड वाहनों की जांच, दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने भी नशे में वाहन चलाने, तेज गति, गलत तरीके से ओवरटेक करने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए। अवैध कट बंद करने के आदेश के बाद दोबारा कट खोलने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही गई। ओवरलोड वाहनों पर विशेष अभियान चलाने, अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी फिर दोहराए गए। यानी समस्या पुरानी है। समाधान के निर्देश भी बार-बार वही सामने आ रहे हैं। बैठक में दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों की कमियां दूर करने, संकेतक बोर्ड लगाने, प्रकाश व्यवस्था सुधारने, घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए सीपीआर प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जगदीश प्रसाद यादव, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता राधेश्याम बंसल और जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।