पंचायतीराज चुनाव में डूंगरपुर जिले की रामसोर जूना ग्राम पंचायत ने निर्विरोध निर्वाचन की मिसाल पेश की है। चौरासी क्षेत्र की भंडारी पंचायत समिति की इस पंचायत में सरपंच सहित पूरी कोरम निर्विरोध चुनी गई। सरपंच पद पर जयंतिलाल डामोर निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि सातों वार्डों में भी वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए। इस तरह पंचायत के सभी 8 पदों पर चुनावी मुकाबले की नौबत नहीं आई। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सरपंच पद पर जयंतिलाल डामोर का ही नामांकन रहने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। वहीं, वार्ड पंच पदों पर नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक वार्ड में एक-एक उम्मीदवार शेष रहा। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने पूरी कोरम के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। ये वार्ड भी हुए निर्वाचित: वार्ड 1 से रमण यादव, वार्ड 2 से राकेश डामोर, वार्ड 3 से कमलेश डामोर, वार्ड 4 से मंजी डामोर, वार्ड 5 से सुशीला देवी लबाना, वार्ड 6 से भगवतीलाल डामोर और वार्ड 7 से रमीला निर्विरोध निर्वाचित हुईं। रामसोर जूना में जयंतिलाल डामोर की पत्नी पहले सरपंच रह चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कामों से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने जयंतिलाल को सरपंच की जिम्मेदारी सौंपने पर सहमति जताई।