पीथिसर गांव निवासी 21 वर्षीय ट्रेनी अग्निवीर महेश कुमार मुहाल का ओडिशा के ब्रह्मपुर स्थित आर्मी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। ट्रेनिंग के दौरान तबीयत बिगड़ने पर महेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को पार्थिव देह गांव पहुंचने पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। पिता लालचंद ने बताया कि गुरुवार को सेना के अधिकारियों का फोन आया था कि महेश की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। इस पर वे बेटे से मिलने के लिए ट्रेन से दिल्ली रवाना हुए, जहां से फ्लाइट पकड़कर ओडिशा जाना था। वे सादुलपुर पहुंचे ही थे, कि आर्मी अधिकारियों ने महेश के निधन की दुखद सूचना दी। बीते सोमवार को ही महेश ने फोन पर बात करते हुए कहा था कि अब वह घर की सभी जिम्मेदारियां संभालेगा। महेश को तेज बुखार के बाद बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक लक्षण डेंगू जैसे ही थे। शनिवार को पार्थिव देह दिल्ली पहुंची। रविवार को गांव पहुंचने की उम्मीद है। महेश इसी साल 20 जून को भारतीय सेना के अग्निवीर आर्टिलरी एयर डिफेंस में भर्ती हुए थे। ओडिशा के गोपालपुर में ट्रेनिंग चल रही थी। बीए पास करते ही उनका चयन सेना में हो गया था। छोटे भाई निर्मल बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं।