अजमेर में मंत्री का जानकार बताकर एक व्यक्ति पर ट्रांसफर कराने के नाम पर 1 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगा है। आरोपी ने पीड़ित की पत्नी का ब्यावर से अजमेर तबादला कराने का भरोसा दिया था, लेकिन रुपए लेने के बाद भी काम नहीं कराया। पीड़ित ने जब रकम वापस मांगी तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपी ने राजनीतिक रसूख और नेताओं से नजदीकी का हवाला देकर उसकी पत्नी का ब्यावर से अजमेर ट्रांसफर करवाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले एक लाख रुपए लेने के बाद भी तबादला नहीं करवाया और रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, लोहाखान निवासी अभिषेक केन (32) ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी राजकीय चिकित्सालय अमृतकौर, ब्यावर में ईसीजी टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। पत्नी की ईसीजी ट्रेनिंग के दौरान आरोपी ओमप्रकाश जाट से उसकी पहचान हुई थी। आरोपी ने खुद को केंद्रीय मंत्री और सांसद भागीरथ चौधरी का खास जानकार बताते हुए राजनीतिक रसूख होने का दावा किया था। ट्रांसफर के नाम पर मांगे डेढ़ लाख रुपए पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पत्नी का ब्यावर से अजमेर के किसी राजकीय अस्पताल में तबादला करवाने की बात कही। इसके बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित उससे मिलने के लिए राजी हो गया। 3 अप्रैल 2026 को पीड़ित और उसका दोस्त जावेद खान आरोपी से शास्त्री नगर की चुंगी चौकी पर मिले। आरोप है कि आरोपी ने तबादले के लिए डेढ़ लाख रुपए मांगे। इस पर पीड़ित ने 50 हजार रुपए नकद और 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी को कुल एक लाख रुपए दिए गए। काम जल्दी करवाने के नाम पर फिर मांगे रुपए पीड़ित के अनुसार, 12 अप्रैल को आरोपी ने जयपुर में किसी मैडम को 50 हजार रुपए देकर काम जल्दी करवाने की बात कही। इसके लिए उसने पीड़ित से रुपए लेकर आने को कहा। बाद में आरोपी ने फोन पर बातचीत के दौरान बकाया 50 हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन जयपुर में रुपए लेने से मना कर दिया। इसके बाद भी आरोपी पत्नी के तबादले को लेकर लगातार आश्वासन देता रहा। कभी मंत्री से बात होने, कभी ट्रांसफर होने और कभी नगर निगम चुनाव के बाद सूची आने की बात कहकर पीड़ित को टालता रहा। रुपए मांगने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप पीड़ित ने बताया कि 28 सितंबर को पीड़ित पत्नी के साथ आरोपी के घर रुपए मांगने पहुंचा तो आरोपी ने गाली-गलौज की और रुपए लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने राजनीतिक रसूख का झांसा देकर पत्नी के तबादले के नाम पर उससे एक लाख रुपए लिए और अब रकम वापस नहीं कर रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर एक लाख रुपए वापस दिलाने की मांग की है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।