अजमेर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशे की खेप पकड़ी। जिला स्पेशल टीम (DST) और अरांई थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 किलो 746 ग्राम डोडा पोस्त और 355 ग्राम अफीम जब्त की। पुलिस ने मौके से आरोपी तस्कर अरांई थाना क्षेत्र के ग्राम डसूक निवासी कालू जाट पुत्र पूसा जाट को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, स्कैनर और नकदी भी जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मादक पदार्थों का अवैध कारोबार कर रहा था आरोपी एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल ने बताया कि एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि अरांई थाना क्षेत्र के ग्राम डसूक निवासी कालू जाट अपने मकान से भारी मात्रा में मादक पदार्थ का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद डीएसटी और अरांई थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर आरोपी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बरामदे में पशु आहार के कट्टों के बीच छिपाकर रखा गया 9 किलो 746 ग्राम डोडा पोस्त और कपड़े की थैली में रखी 355 ग्राम अफीम बरामद हुई। नकदी समेत दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, एक स्कैनर जब्त पुलिस ने मौके से दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, एक स्कैनर और 1,379 रुपए नकद भी जब्त किए। पुलिस ने आरोपी कालू जाट को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अरांई थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।