अजमेर में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने अपनी बेटी की शादी जिस युवक से की थी, उसने खुद को कनाडा में इंजीनियर और 50 लाख सालाना पैकेज बताया था। वह हकीकत में वेल्डिंग और ड्राइविंग का काम करने वाला निकला। पत्नी के परिवार से 20 लाख रुपए हड़प लिए। अब परिवार ने बेटी के पति समेत ससुरालवालों के खिलाफ हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। थाने में रिपोर्ट देने वाले जगदीश चंद सोनी ने पुलिस को बताया कि मेरी बेटी जया सोनी की शादी 9 दिसंबर 2022 को शोभित वर्मा निवासी अफजलगढ़ (बिजनौर, यूपी) के साथ हुई थी। शादी तय करते समय बताया था कि युवक कनाडा में इंजीनियर है। अच्छे पैकेज पर काम करता है, लेकिन बाद में पता चला कि वह वेल्डिंग और ड्राइविंग का काम करता है। नशे का आदी भी है। शादी के बाद शुरू हुआ पैसों का खेल परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग अजमेर आते रहे। घर बनाने व बिजनेस के नाम पर बार-बार पैसे मांगते रहे। इस दौरान करीब 15 लाख रुपए नकद लिए गए। इसके अलावा मार्च 2026 में पीड़ित के बैंक खाते से आरोपी की मां के खाते में 50 हजार और 4.5 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। जो आज तक वापस नहीं लौटाए गए। रुपए मांगने पर बेटी को करते हैं प्रताड़ित पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब भी पैसे वापस मांगते हैं तो कनाडा में बेटी जया सोनी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना की जाती है। इससे बेटी का वहां रहना मुश्किल हो गया है। इनके खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शोभित वर्मा, उसके पिता महेंद्र वर्मा, मां बिमला रानी, बहनोई विकास राजपूत, बहन शिवांगी वर्मा, भाई शौर्य वर्मा व उसकी पत्नी याशिका के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।