अजमेर जिले में खुलेआम अरावली की पहाड़ियों पर अवैध खनन चल रहा है। ग्रामीणों की ओर से इसका विरोध करने पर अवैध खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। जेसीबी और डंपर से ग्रामीणों को जान से मारने की कोशिश की गई। साथ ही माफियाओं के लोगों ने ग्रामीणों पर डंडों से और पत्थर फेंककर हमला भी किया। वहीं, बचाव में ग्रामीणों ने भी जेसीबी और डंपर पर पत्थर फेंके। इस दौरान कई ग्रामीणों के चोट भी आई हैं। यह घटना गांव खोड़ा बूबानी की 8 अप्रैल की है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। वहीं शुक्रवार को ग्रामीण एकत्र होकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध जताया। मामले में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा- खनन माफिया पहाड़ियों को लगातार काट रहे हैं और विरोध करने पर हमें धमकाया जाता है। डंपर और जेसीबी से ग्रामीणों को मारने की कोशिश, देखें PHOTOS ग्रामीण बोले- माफिया ने पहाड़ोंं को काट दिया ग्रामीण टीकम सिंह रावत ने बताया- ग्राम खोड़ा बूबानी की अरावली पहाड़ी क्षेत्र भूमि पर लंबे समय से अवैध खनन जारी है। खनन माफिया लगातार पहाड़ियों को काट रहे हैं और विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाया जाता है। उन्होंने कहा- कई बार समझाइश के बावजूद माफिया के लोग नहीं माने, बल्कि जान से मारने की धमकियां देकर हमें पीछे हटने पर मजबूर किया गया। खनन के कारण क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। डंपरों-जेसीबी के कारण सड़क टूटी, श्रद्धालु परेशान खोड़ा गणेशजी मंदिर में हर बुधवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन खनन से निकलने वाले ओवरलोड डंपरों की आवाजाही से सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क किनारे गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अवैध खनन के लिए गहरे गड्ढे खोदकर विस्फोटक लगाए जा रहे हैं। ब्लास्टिंग से आसपास के मकानों में कंपन होता है और कई घरों में दरारें तक आ चुकी हैं। ग्रामीण बोले- खुलेआम खनन हो रहा ग्रामीणों ने बताया- सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरावली क्षेत्र में खनन पर रोक के बावजूद यहां खुलेआम खनन हो रहा है। उन्होंने कहा- पहले भी प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि अवैध खनन को तुरंत बंद करवाया जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके। ग्रामीण शुक्रवार को एकत्र होकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने खनन माफियाओं के खिलाफ विरोध करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। साथ ही ग्रामीणों ने बताया- 8 अप्रैल को खनन माफिया उनके गांव पहुंचे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो जेसीबी और डंपर को ग्रामीण पर चढ़ाने की कोशिश की गई। डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। ग्रामीणों ने बताया- बचाव में हमें भी जेसीबी और डंपर पर पत्थर फेंकने पड़े। इस बीच गांव के कई ग्रामीण को चोट भी आई थी। पुलिस ने कहा- शिकायत के बाद किया फ्लैग मार्च ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी ने मामले में कहा- ग्रामीणों की ओर से शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। टीम के साथ शुक्रवार को मौके पर फ्लैग मार्च किया। रेगुलर निगरानी जारी है। अब किसी तरह का अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। कोई अवैध खनन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।