अजमेर में घर से दो नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों किशोरियां 11 अप्रैल की रात अपने घर से बिना बताए कहीं चली गईं, जिसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने आशंका जताई है कि भट्टे पर साथ काम करने वाले दो युवक ही शायद दोनों नाबालिगों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं, क्योंकि घटना के बाद से वे भी काम पर नहीं दिखे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कियां नाबालिग हैं और उनकी उम्र करीब 14 से 15 साल के बीच है। दोनों का हुलिया सामान्य कद-काठी का है और घटना के समय सलवार-कुर्ता पहने हुए थीं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ ही जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।