अजमेर में एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, उसके साथ रेप करने, बाद में जन्मी बच्ची को जबरन छीनकर ले जाने का मामला सामने आया है। नाबालिग की मां ने एसपी को परिवाद दिया है। एसपी को दिए परिवाद में नाबालिग की मां ने बताया कि एक जुलाई 2026 की रात बेटी से रेप का आरोपी अपने माता-पिता के साथ घर में घुस आया। उसके और उसकी बेटी के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। बेटी की बच्ची को जबरन अपने साथ ले गया। एसपी के निर्देश पर केस दर्ज महिला ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। अब एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार एक महिला ने थाने में शिकायत दी है, जिसमें बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक 2023 से उसकी नाबालिग बेटी पर बात करने और मिलने का दबाव बनाता था। मौका मिलने पर अश्लील हरकतें करता था। आरोपी बेटी को नवंबर 2024 में बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले गया। उस समय परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी, लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद में नाबालिग घर लौट आई, लेकिन आरोपी लगातार उससे संपर्क करता रहा। डरा-धमकाकर थाने से लौटाया महिला शिकायत में आरोप लगाया कि मई 2025 में आरोपी दोबारा नाबालिग को अपने साथ ले गया। इस दौरान भी पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे डरा-धमकाकर थाने से लौटा दिया गया। मां के साथ रह रही नाबालिग पीड़ित मां के बताए अनुसार जनवरी 2026 में नाबालिग ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया। तब से नाबालिग अपनी बच्ची के साथ अपनी मां के पास रह रही थी। एसपी कार्यालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म, घर में घुसकर मारपीट, पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।