अजमेर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। अचानक बादल छाए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही मौसम में ठंडक आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले शुक्रवार देर रात भी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने अजमेर में आज से 15 सितंबर तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर में अब तक 452.4 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 431.6 MM होनी चाहिए थी। यानी सामान्य से 20.8 MM अधिक और करीब 4.8% ज्यादा बारिश हो चुकी है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देर रात हुई बारिश के बाद सुबह मौसम सुहाना रहा और ठंडी हवा के चलते तापमान में भी राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अलर्ट के चलते अगले कुछ दिनों में अजमेर में बारिश का दौर फिर बढ़ने की संभावना है।