अजमेर में शादी का डिजिटल निमंत्रण डाउनलोड करना एक इंजीनियर को भारी पड़ गया। व्हाट्सऐप पर आए वेडिंग इनविटेशन को डाउनलोड करने के बाद इंजीनियर के बेटे के बैंक खाते से पैसों का ट्रांजेक्शन हो गया। पीड़ित के अनुसार, खाते से पहले 80 हजार रुपए निकाले गए। बाद में बैंक खाते से कुल 1 लाख 35 हजार 388 रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया। शिकायत पर कृष्णगंज थाना पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक से वेरिफिकेशन मैसेज आया, तब पता चला पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी 58 वर्षीय अनिल कुमार अजमेर में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर हैं। वे 17 अक्टूबर को अजमेर आए थे। उनके बेटे का जयपुर के गोपालबाड़ी स्थित एयू बैंक में सेविंग अकाउंट है। इसमें मोबाइल नंबर दर्ज होने के कारण वह अपने मोबाइल से लेन-देन करता था। 18 अक्टूबर को अनिल कुमार के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए एक परिचित के नंबर से शादी का निमंत्रण आया। मैसेज में शादी में आने के लिए कहा गया था। उन्होंने निमंत्रण डाउनलोड कर लिया, लेकिन उसमें कुछ दिखाई नहीं दिया। इसके बाद 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:15 बजे एयू बैंक से 20 हजार रुपए के वेरिफिकेशन का मैसेज आया। तब तक उनके बेटे के खाते से 80 हजार रुपए निकल चुके थे। खाता फ्रीज कराने के लिए बैंक और हेल्पलाइन पर की शिकायत पीड़ित के अनुसार, उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता फ्रीज करने को कहा। साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की। शिकायत के दौरान खाते में बचे 35,389 रुपए में से भी करीब 35,388 रुपए निकलने की जानकारी सामने आई। इस तरह कुल 1,35,388 रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत की गई।