अजमेर में मंगलवार को यूथ कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित तौर पर वोट काटे जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। गांधी भवन चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रावण रूपी प्रतीकात्मक पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अजमेर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हनीश मरोठिया ने कहा- जिस तरह रावण को अपनी ताकत का अहंकार था और हनुमानजी ने लंका दहन कर उसका घमंड तोड़ा था। उसी तरह अजमेर यूथ कांग्रेस ने भी सांकेतिक रूप से ‘वोट चोरी की लंका’ में आग लगाई है। वोटों की सूची सार्वजनिक करने की मांग अजमेर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हनीश मरोठिया ने कहा- राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन चल रहा है। नई दिल्ली स्थित युवा कांग्रेस मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में 51 फीट का पुतला जलाकर विरोध जताया गया था। इसी विरोध के तहत अजमेर में भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और काटे गए वोटों की सूची सार्वजनिक करने की मांग उठाई। वोट काटने का कारण बताने और सूची जारी करने की मांग यूथ कांग्रेस ने मांग की कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उनकी बूथवार सूची कारण या रिमार्क के साथ सार्वजनिक की जाए, ताकि मतदाताओं को नाम हटाने की वजह पता चल सके। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को जिलेभर में और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, महासचिव और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।