अलवर के अग्निवीर समुद्र गुर्जर (24) की श्रद्धांजलि यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। समुद्र 14 अगस्त 2026 को अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली में हुए भूस्खलन में लापता हो गए थे। उनकी मई 2026 में ही शादी हुई थी। लापता होने के करीब 80 दिन बाद सेना ने 3 नवंबर 2026 को उनके परिवार को अरुणाचल प्रदेश बुलाया और समुद्र के पहचान की जानकारी दी। परिवार ने वहीं उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया। गुरुवार (5 नवंबर) को अलवर शहर से 6 किलोमीटर दूर उनके पैतृक गांव केसरपुर तक सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि यात्रा (अस्थियों के साथ) निकाली गई। जब सैन्य अधिकारियों ने उनकी अस्थियां और तिरंगा परिवार को सौंपे तो उनकी मां रोते-रोते बेसुध हो गईं। उनकी पत्नी को भी परिवार ने बड़ी मुश्किल से संभाला।