अलवर में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान प्रक्रिया उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रही। प्रदेशभर में 23 पदों के लिए कुल 234 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें अलवर से भी चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अलवर जिले में कुल 1823 मतदाता पंजीकृत हैं, जो सुबह 8 बजे से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को जोधपुर भेजा जाएगा, जहां 28 अप्रैल से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। देखे PHOTOS….. इस चुनाव के लिए अलवर में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही अधिवक्ताओं की आवाजाही बनी रही। कोर्ट परिसर के मुख्य द्वार के बाहर वकील अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते नजर आए। समर्थकों के बीच नारेबाजी और संपर्क अभियान के चलते पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल जीवंत बना रहा। निर्वाचन अधिकारी मुनिराम यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 23 पदों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनके लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं। अलवर से चार प्रत्याशी—भूपसिंह पोसवाल, रामनिवास सैनी, कासिम खान और पूनम यादव—इन पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने आगे बताया कि मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक पूरी हो जाएगी, जिसके बाद मतपेटियों को सुरक्षित रूप से जोधपुर भेजा जाएगा। वहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना शुरू होगी, जबकि चुनाव परिणाम आने में करीब दो महीने का समय लग सकता है।