अलवर की उमरैण पंचायत समिति के वार्ड नंबर 24 से कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्य (MPS) प्रत्याशी राजकुमार जूली बुधवार शाम करीब 4:30 बजे लापता हो गए। देर रात तक उनका पता नहीं चलने पर पिता ने रात करीब 10 बजे सदर थाने में लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान अविनाश उनके बेटे को नगर पालिका चेयरमैन और भाजपा नेता बलवंत यादव के फार्म हाउस पर ले गया था। इसके बाद से राजकुमार का कोई पता नहीं चल रहा था। पिता ने पुलिस से बेटे को जल्द तलाश करने की मांग की। बुधवार को हुआ था मतदान बुधवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। इसी दौरान शाम को प्रत्याशी के लापता होने का मामला सामने आया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव में जीत की संभावना वाले प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम की कर रही जांच परिजनों की ओर से थाने में रिपोर्ट दिए जाने के बाद देर रात करीब साढ़े 3 बजे राजकुमार जूली को घर भेज दिया गया। इसके बाद उनके घर पहुंचने से परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, पूरे मामले में रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की पुलिस जांच जारी है।