अलवर शहर में 6 दिवसीय दीपोत्सव का आगाज शुक्रवार शाम 6 बजे से होगा। इस बार की दिवाली शहरवासियों के साथ-साथ टूरिस्ट के लिए भी बेहद खास रहने वाली है। शहर को न केवल जगमगाती रोशनियों से नहलाया गया है, बल्कि टाइगर मैराथन की थीम पर विशेष सजावट की गई है। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा और मेयर सुमनलता अग्रवाल के साझे प्रयासों से इस बार का दीपोत्सव ऐतिहासिक रूप ले चुका है। अब बाहर से भी लोग अलवर में दिवाली देखने पहुंच रहे हैं। टाइगर मैराथन की थीम पर सजावट: आगामी फरवरी में होने वाली टाइगर मैराथन (जिसमे देश के धावक हिस्सा लेते हैं) का औपचारिक आगाज इसी दीपोत्सव से माना जा रहा है। पूरे शहर में मैराथन और अलवर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई दे रही है। होप सर्कस पर लाइव शो: शुक्रवार शाम 6 बजे से ऐतिहासिक होप सर्कस पर लाइटिंग का लाइव शो होगा। यहां भगवान जगन्नाथजी के दरबार को जगन्नाथपुरी की तर्ज पर भव्य रूप दिया गया है। नंगली सर्किल और चौराहे सजे: नंगली सर्किल सहित शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर विशेष और आधुनिक लाइटिंग की गई है। पूरी सड़कों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हाट बाजार की बदली जगह शहर में त्योहारी सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। इस बार प्रशासन ने कड़ा फैसला लेते हुए हाट बाजार की जगह बदल दी। नई जगह पर 1200 से भी ज्यादा दुकानें सज चुकी हैं। अजय अग्रवाल ने बताया कि हाट बाजार की जगह बदलने पर शुरुआत में थोड़ा संघर्ष और विरोध हुआ था, लेकिन अब व्यापारी बेहद खुश हैं। बाजार में जबरदस्त खरीदारी हो रही है और ग्राहकों को भी सुगम यातायात का लाभ मिल रहा है।