अलवर के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव स्थित रेबारी मोहल्ले में देर रात करीब 1 बजे अज्ञात बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर आए और घर में सो रही 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जबरन उठा ले गए।और लूटपाट कर 16 किलोमीटर दूर जंगल में फेंककर भाग गए। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे कंबल में लपेटकर कार में डालकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। जैसे ही बुजुर्ग की बहू तारा देवी की नींद खुली, उसने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी आरोपियों की तलाश में निकल पड़े। देर रात तक पुलिस और ग्रामीणों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शुरुआत में कोई सुराग नहीं मिला। बाद में, गांव से करीब 16 किलोमीटर दूर तालवृक्ष क्षेत्र में एक नाले के पास बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद परिजन और पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित महिला तुलसा देवी (69) के साथ लूटपाट की भी घटना सामने आई है। बदमाश उनके पैरों से करीब सवा किलो चांदी के कड़े, चांदी की चैन, लगभग साढ़े तीन तोला सोने के जेवर (जंतर) और कुछ अन्य आभूषण लूटकर ले गए। इसके अलावा उनके पास रखे करीब 5 हजार रुपये भी आरोपी लेकर फरार हो गए।घटना में महिला के पैरों और मुंह पर चोटें आई हैं, जिनका इलाज मालाखेड़ा अस्पताल में किया जा रहा है। पीड़िता के छोटे बेटे सरजीत रेबारी ने बताया कि परिवार हरिपुरा में एक ही घर में रहता है, जबकि उनके दो भाई पृथ्वीपुरा गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात वह ट्रक ड्राइवर होने के कारण बाहर थे। घर में उनकी पत्नी तारा देवी, बच्चे और मां एक साथ सो रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे बदमाश घर में घुसे और उनकी मां के मुंह में कपड़ा ठूंसकर आवाज निकालने से रोक दिया। इसके बाद कंबल में लपेटकर उन्हें उठा ले गए। जैसे ही बदमाश कार लेकर निकले, उनकी पत्नी की नींद खुली और उसने शोर मचा दिया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सरजीत ने बताया कि वह तुरंत मौके पर पहुंचे और बाद में उनकी मां को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश में विभिन्न टीमें लगाई गई हैं। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।