अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित मंगल विहार में कॉलेज लेक्चरर के सूने मकान से चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी ले उड़े। लेक्चरर नरेंद्र कुमार चुनाव ड्यूटी पर गए हुए थे। शुक्रवार को लेक्चर की मां पीहर से घर लौटी तो चोरी होने का पता चला है। पीड़िता ने अरावली विहार थाने में मामला दर्ज कराया है। अंदर का ताला टूटा मिला, सामान बिखरा था पुलिस के अनुसार, गौरी देवी महाविद्यालय से रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बिरमा देवी 21 अक्टूबर को अपने पीहर बानसूर गई थीं। उनका बड़ा बेटा नरेंद्र कुमार (शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में लेक्चरर) चुनाव ड्यूटी पर गया हुआ था। सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घुस गए। शुक्रवार को जब बिरमा देवी घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन अंदर कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारियों के ताले टूटे थे और सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे जेवर और नकदी गायब चोर अलमारी में रखे सोने की अंगूठियां, कान के कुंडल, बालियां, चांदी की आधा दर्जन से अधिक पायजेब सहित अन्य आभूषण और 70 हजार रुपए की नकदी समेटकर फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।