अलवर-मथुरा पैसेंजर ट्रेन से गिरकर 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार को करीब 3 बजे ऊंटवाल रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर पहले हुई । घटना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान रामगढ़ क्षेत्र के खिलोरा गांव के रहने वाले कमल प्रजापत (21) पुत्र रमेश के रूप में हुई है। मृतक के नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और एक हाथ कट गया। कमल के चचेरे भाई जगदीश प्रजापत ने बताया कि कमल सोमवार को किसी निजी काम से अलवर आया था। अलवर-मथुरा पैसेंजर ट्रेन से वापस गांव लौट रहा था। जगदीश का आरोप है कि ऊंटवाल रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पहले किसी ने कमल को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। खेतीबाड़ी में ट्रैक्टर चलाता था कमल दो भाइयों में छोटा था और शादी नहीं हुई थी। वह खेतीबाड़ी के काम में ट्रैक्टर चलाता था। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।